भेटुआ के नरही गांव में मृत बालक के शोकाकुल परिवारीजन।
- फोटो : अमर उजाला
स्थानीय थाने के एक गांव में कुकर्म के बाद बालक की हत्या कर दी गई। मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से लापता बालक का शव देर शाम तालाब के किनारे गड़ा पाया गया। ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ कुकर्म और हत्या के साथ ही साक्ष्य मिटाने की धारा में केस दर्ज किया है। धम्मौर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी का 11 वर्षीय पुत्र मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे घर के बाहर खेल रहा था। अचानक वह लापता हो गया।
शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवारीजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। देर शाम तालाब के पास कुछ ग्रामीण गए थे। जहां सूखे तालाब के किनारे कुछ कुत्ते मिट्टी खोदते दिखे। ग्रामीण जब वहां पहुंचे तो बालक का शव दबा देखा।
देखते ही देखते गांव के लोग वहां एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंचे एसओ ताराचंद पटेल वहां पहुंच गए। एसओ ने शव को मिट्टी से बाहर निकलवाया। बच्चे का शव लहुलूहान हालत में था।
बच्चे के निजी अंग और मुंह पर जख्म के निशान थे। इस बाबत एसओ ने बताया कि पुलिस ने बच्चे के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ कुकर्म, हत्या और साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज किया है।