निरस्त रहीं पांच जोड़ी ट्रेनें, तीन का बदला रूट
गौरीगंज। रायबरेली रेलवे स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग व ट्रैक विद्युतीकरण कार्य के लिए शनिवार को रूट की पांच जोड़ी ट्रेनें जहां निरस्त रहीं, वहीं तीन ट्रेनों का संचालन रूट बदल किया गया। पूरे दिन ट्रैक पर एकमात्र पंजाब मेल एक्सप्रेस को छोड़कर कोई ट्रेन नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
रेलवे की ओर से जारी आदेश पर शनिवार को जौनपुर-रायबरेली अप/डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस, लखनऊ-वाराणसी अप/डाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस, अप/डाउन बरेली-प्रयाग पैसेंजर, अप/डाउन पीआरएल पैसेंजर तथा वाराणसी-लखनऊ अप/डाउन इंटरसिटी का संचालन जहां निरस्त रहा। इसके साथ अप/डाउन पद्मावत एक्सप्रेस तथा अप अर्चना एक्सप्रेस का संचालन लखनऊ-प्रतापगढ़ ट्रैक के स्थान पर लखनऊ-सुल्तानपुर-वाराणसी से किया गया है।
ट्रेनों के निरस्त होने व मार्ग परिवर्तित होने से शनिवार दिन में मात्र अप/डाउन पंजाब मेल के अलावा कोई ट्रेन संचालित नहीं हुई। ऐसे में आरक्षण करवा चुके यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। यात्रियों को टिकट निरस्त करवाने के साथ नई तिथि का आरक्षित टिकट लेने के लिए काउंटर पर परेशानी झेलनी पड़ी। स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने पांच जोड़ी ट्रेनों के निरस्त होने तथा तीन ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित होने की पुष्टि की है।