स्कूली बच्चों में फल वितरण के लिए 1.18 करोड़ रुपये मिले
गौरीगंज। मध्याह्न भोजन योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को हफ्ते में एक दिन मौसमी फल उपलब्ध कराने पर छाए संकट के बादल छट गए हैं। विभाग की मांग पर शासन ने जिले को 1.18 करोड़ की धनराशि अवमुक्त करते हुए सप्ताह में एक दिन बच्चों को फल वितरित करने का निर्देश दिया है। बीएसए ने विद्यालयों के खाते में धनराशि ट्रांसफर कर दी है।
परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को एमडीएम के तहत हफ्ते में एक दिन मौसमी फल वितरित किए जाते हैं। धनाभाव के चलते काफी दिनों से जिले के परिषदीय विद्यालयों में मौसमी फल वितरण का काम ठप हो गया था। आलम यह रहा कि शैक्षिक सत्र 20018-19 में कई माह से परिषदीय विद्यालयों को इस मद में शासन से धनावंटन नहीं हो रहा था। धनावंटन नहीं होने से योजना पर संशय के बादल छाए थे।
योजना संचालित हो सके इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग की नियमित मांग पर शासन ने एक करोड़ 18 लाख 86 हजार 476 रुपये आवंटित करते हुए योजना को चालू रखने का निर्देश दिया है। शासन से धनावंटन प्राप्त होने के बाद बीएसए विनोद कुमार मिश्र ने जिले में संचालित 1,337 प्राथमिक, 433 उच्च प्राथमिक तथा 79 राजकीय, मदरसों के खाते में पंजीकृत बच्चों के सापेक्ष फल वितरित करने के लिए धनराशि ट्रांसफर कर दी गई है। बीएसए ने प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर आवंटित धनराशि के सापेक्ष मध्याह्न भोजना योजना के तहत निर्धारित दिन सोमवार को फल वितरित करने तथा आवंटित धनराशि का उपभोग प्रमाण पत्र कार्यालय में जमा करने का आदेश दिया है।