चांदनी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट जांचेगा डॉक्टरों का पैनल
सुल्तानपुर। दो माह पूर्व महिला थाने के पास बने सरकारी आवास में मृत मिली आरक्षी चांदनी की मौत के रहस्य से जल्द ही पर्दा उठ सकता है। महिला आरक्षी की मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए एसपी ने सीएमओ को पत्र लिखकर तीन चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के साथ ही वीडियोग्राफी देखकर किसी निष्कर्ष तक पहुंचने को कहा है।
कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र के कोरियो गांव निवासी मंसूर अहमद की पुत्री सैय्यद चांदनी (24) वर्ष 2015 में पुलिस विभाग में आरक्षी पद पर भर्ती हुई थी। चांदनी की तैनाती सुल्तानपुर के डीसीआरबी में थी। वह महिला थाने के पास स्थित सरकारी आवास में रहती थी।
14 जुलाई 2018 की सुबह चांदनी का शव सरकारी आवास में पाया गया था। चांदनी का मोबाइल सेट भी गायब था। चांदनी के परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
महिला आरक्षी का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल के डॉ. धीरेंद्र विक्रम सिंह और महिला अस्पताल की डॉ. मानसी तोमर ने किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लिखा है कि दाहिने हाथ की दो अंगुलियों में इंजेक्शन लगाने सरीखा निशान पाया गया है। इसके अलावा चिकित्सक किसी भी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सके थे।
चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित रखकर उसे जांच के लिए भेजने को कहा था। बुधवार को एसपी अनुराग वत्स ने चांदनी की मौत से पर्दा उठाने के लिए सीएमओ डॉ. चंद्रभूषण नाथ त्रिपाठी को पत्र लिखा है।
एसपी ने बताया कि, चांदनी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट की तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल से दोबारा जांच कराई जाएगी। साथ ही पोस्टमार्टम के दौरान की गई वीडियोग्राफी भी पैनल में शामिल चिकित्सक देखेंगे।