टूटकर खेत में गिरे तार से किसान को लगा करंट, मौत
सुल्तानपुर। दूबेपुर बीआरसी के पास खेत में टूटकर गिरे बिजली के हाईटेंशन तार की चपेट में शुक्रवार सुबह एक किसान आ गया। किसान की करंट से झुलसकर मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने पॉवर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे जेई ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया। इस पर ग्रामीण शांत हुए।
कोतवाली देहात क्षेत्र में दूबेपुर बीआरसी के पास पूरे लोटई के रहने वाले किसान रामराज वर्मा (65) शुक्रवार सुबह अपनी फसल देखने खेत जा रहे थे। गांव के बाहर खेत में हाईटेंशन लाइन का एक तार टूटकर गिरा था। तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। रामराज का पैर अचानक तार पर पड़ गया, जिससे उनकी झुलसकर मौत हो गई। जानकारी पर परिवारीजन व ग्रामीण पहुंच गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को दी। सूचना के बाद क्षेत्र की सप्लाई बंद की गई।
इसके बाद रामराज के शव को तार से अलग किया गया। किसान की मौत से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की सूचना पर कोतवाली देहात थानाध्यक्ष मधुकांत मिश्र गांव पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया लेकिन वह शांत नहीं हुए। इस दौरान टीपी नगर उपकेंद्र के जेई शोभित यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे। जेई ने पीड़ित परिवार को पॉवर कॉर्पोरेशन की ओर से मिलने वाली आर्थिक मदद का भरोसा दिला, तब जाकर लोग शांत हुए। पुुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।