नहटौर। यूनियन बैंक के कैशियर पर 28 हजार रुपये गबन करने का आरोप लगाते हुए बैंक प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बैंक प्रबंधक प्रियंक गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि बैंक का कैशियर संजीव कुमार पिछली 26 जून से गायब है। उसने बैंक के कैश से 28 हजार रुपये का गबन किया हुआ है। उसने कैश को क्षति पहुंचाई है। इससे पूर्व में भी कैश में हेराफेरी की गई है। बैंक के कई ग्राहकों से भी पैसा ले रखा है। बैंक की छवि को भी धूमिल करने का प्रयास किया गया है। बैंक प्रबंधक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने बैंक जाकर मामले की जांच शुरू की है। कैशियर संजीव कुमार से भी पूछताछ की गई है। उधर कई बैंक उपभोक्ताओं के भी चेक कैशियर ने ले रखे हैं। कई दिनों से गायब कैशियर के बैंक आने पर उपभोक्ता भी उसकी जानकारी जुटा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं के खातों से भी पैसा निकला हुआ है, लेकिन कैशियर ने उन्हें अभी तक पैसा नहीं दिया है। कोतवाल अजय कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।