पांच घरों से जेवरात व नगदी उठा ले गए चोर
अमेठी। तीन गांवों के पांच घरों को चोरों ने निशाना बनाकर पौने सात लाख रुपये कीमत के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
जामों क्षेत्र के जोधनपुर गांव निवासी प्रदीप मिश्र शुक्रवार रात सपरिवार सो रहे थे। देर रात चोर घर के पीछे से दाखिल हुए और दो बक्सा और एक बैग उठाकर दूर ले गए। उसे तोड़कर चोर उसमें रखे पांच लाख रुपये कीमत के जेवरात और 17 हजार रुपये नगद उठा ले गए। दूसरी घटना पूरे जिवनंदन तिवारी मजरे बलभद्रपुर गांव की है। गांव निवासी वेद प्रकाश तिवारी के घर में दाखिल हुए चोरों ने 50 हजार रुपये कीमत के जेवरात उठा ले गए। तीसरी घटना गोंदीपुर गांव की है।
गांव निवासी राहुल शुक्ला के घर से चोर 50 हजार रुपये कीमत के जेवरात और तीन हजार रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया। इसी गांव के ही मेवालाल विश्वकर्मा और बाबू खां के घर से चोर क्रमश: 40 हजार और 10 हजार रुपये कीमत के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार की सुबह पीड़ितों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। इस बाबत थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि उन्हें तहरीर मिली है। केस दर्ज किया जाएगा।