स्कूल कर्मी को गेट पर मारी गोली, लखनऊ रेफर
सुल्तानपुर। लोहरामऊ में स्थित कमलाकर विद्यालय के गेट पर सोमवार शाम वहां के चतुर्थ श्रेणी कर्मी मोहम्मद शरीफ (45) को बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
कोतवाली देहात क्षेत्र के सूदापुर निवासी मोहम्मद शरीफ ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम करीब सवा सात बजे एक बाइक से पहुंचे दो युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। शरीफ के पेट में तीन गोली लगीं। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। गंभीर रूप से घायल शरीफ को स्थानीय लोग जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि जांच कर रही है। तहरीर पर केस दर्ज किया जाएगा। प्रथम दृष्टया रंजिश का मामला प्रकाश में आया है।