करंट लगने से शिक्षक और रिटायर्ड फौजी की मौत
सुल्तानपुर। शहर के कृष्णानगर मोहल्ले में बिजली का करंट लगने से एक शिक्षक और कूरेभार क्षेत्र में एक रिटायर्ड फौजी की जान चली गई। इन हादसों से दोनों के परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस ने छानबीन की।
शहर में हादसा कृष्णानगर मोहल्ला निवासी रतन गुप्ता (38) के साथ हुआ। बलरामपुर जिले के एक प्राइमरी विद्यालय में शिक्षक रतन गुप्ता गर्मी की छुट्टी में कृष्णानगर स्थित घर आए हुए थे। बुधवार की रात वे घर के इनवर्टर का प्लग लगा रहे थे। अचानक उन्हें करंट लग गया। करंट लगने से रतन गुप्ता बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। परिवारीजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने रतन गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
कूरेभार क्षेत्र के पुरखीपुर गांव निवासी रिटायर्ड फौजी शेषमणि मिश्र (50) बृहस्पतिवार सुबह खेत गए थे। नलकूप के हौज से शेषमणि ने पानी निकालने के लिए जैसे ही उसमें हाथ डाला वह करंट की चपेट में आ गए। करंट से फौजी की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की मानें तो हौज के पानी में कहीं से करंट उतर रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।