डीएम आवास के पास
बच्ची को अगवा कर दरिंदगी
क्रासर
हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। जिलाधिकारी आवास के समीप सड़क किनारे मां व दुधमुंहे भाई के साथ जमीन पर सो रही एक तीन वर्षीय बच्ची को अगवा कर दरिंदगी की गई। बृहस्पतिवार की सुबह बच्ची गंभीर हालत में गोलाघाट पुल के पास स्थित एक कुटी के पास पाई गई। गंभीर हालत में मासूम बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्ची के पास महिला सिपाहियों को तैनात किया गया है। बृहस्पतिवार की सुबह एसपी रोहन ने घटना स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी आवास के पास कुछ लोग सड़क किनारे झुग्गी-झोपड़ी डालकर सीढ़ी, डलिया व बांस से बने अन्य सामान बनाने का काम करते हैं। बुधवार रात एक व्यक्ति अपनी पत्नी, तीन वर्षीय बेटी, एक साल के बेटे के साथ जमीन पर सोया हुआ था। रात करीब 11 बजे मां के पास सो रही बच्ची को अगवा कर लिया गया। करीब साढ़े 11 बजे मां की नींद खुली तो देखा कि बेटी गायब है। यह देख वह सन्न रह गई। मां-बाप ने बच्ची की तलाश शुरू की लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। उसके बाद दंपती कोतवाली नगर पहुंचे और बेटी के गायब होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी बच्ची की तलाश में जुट गई। रात करीब दो बजे गोलाघाट पुल के किनारे स्थित एक कुटी के पास बच्ची के रोने की आवाज सुनकर कुछ लोग वहां पहुंचे तो देखा कि बच्ची बेहोश हालत में पड़ी है। बच्ची को गंभीर हालत में पुलिस कर्मियों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। एसपी ने बताया कि बच्ची का परीक्षण किया गया तो दरिंदगी की पुष्टि हुई।