छह माह से जमे एसओ व इंस्पेक्टर हटाए
गौरीगंज। पुलिस अधीक्षक ने बृहस्पतिवार रात बड़े स्तर पर फेरबदल किया है। फेरबदल में जहां तीन थानाध्यक्षों को कुर्सी गवानी पड़ी वहीं चार निरीक्षक अपनी कुर्सी बचाने में कामयाब रहे। तीन नए निरीक्षक व एक उपनिरीक्षक को थाने का प्रभार सौंपा गया है। छह पुलिस चौकियों पर नए इंचार्ज भी तैनात किए गए हैं।
अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करना व उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना जायस, मुंशीगंज व संग्रामपुर थानाध्यक्ष को भारी पड़ी। बृहस्पतिवार देर रात एसपी अनुराग आर्य ने एसओ जायस रवींद्र सिंह को वाचक एसपी, एसओ मुंशीगंज संतोष सिंह को पीआरओ एसपी और एसओ संग्रामपुर शिवाकांत पांडेय की तैनाती चुनाव सेल में कर दी।
मोहनगंज कोतवाल धीरेंद्र कुमार सिंह को अमेठी, अमेठी कोतवाल राजेश कुमार सिंह को मोहनगंज, फुरसतगंज कोतवाल नजमुल हुसैन नकवी को मुंशीगंज और मुसाफिरखाना कोतवाल विश्वनाथ यादव को संग्रामपुर थाने का प्रभार दिया है। पुलिस लाइन में तैनात निरीक्षक गजेंद्र सिंह को जायस, राजीव सिंह को जामों और देवेश कुमार को मुसाफिरखाना कोतवाल बनाया गया है। चौकी इंचार्ज रामगंज संदीप राय को फुरसतगंज एसओ बनाया गया है। एसपी ने छह पुलिस चौकियों पर भी नए इंचार्ज तैनात किए हैं।
एसपी पीआरओ रहे हरिवंश कुमार को रामगंज, एसपी वाचक रहे देवेंद्र सिंह को इन्हौना, टीकरमाफी चौकी इंचार्ज मिथिलेश सिंह को चौकी शंकरगंज, इन्हौना चौकी इंचार्ज रामकृपाल सिंह को टीकरमाफी, अमेठी कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक उमेश कुमार मिश्र को शाहगढ़ का चौकी इंचार्ज बनाया गया है। शाहगढ़ चौकी इंचार्ज रहे अखिलेश कुमार गुप्त की तैनाती अमेठी थाने में की गई है। एसपी ने कहा कि जिले की कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने के लिए छह माह से तैनात सभी प्रभारी को हटाते हुए नई तैनाती की गई है।