लंभुआ (सुल्तानपुर)। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार की भोर असलहों से लैस बदमाशों ने सड़क पर कील बिछाकर ट्रक को पंक्चर कर दिया। ट्रक पंक्चर होते ही बदमाशों ने चालक-खलासी को बंधक बनाकर जमकर मारा-पीटा और 25 हजार रुपये की नकदी व दो मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। रोड होल्ड अप की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने बदमाशों की धर-पकड़ की कोशिश की लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस छानबीन कर रही है।
बृहस्पतिवार रात एक ट्रक वाराणसी से सीमेंट लादकर हरदोई जा रहा था। ट्रक को कन्नौज जिले के छिबरामऊ का अवनीश (28) चला रहा था जबकि इसी जिले के महमूदपुर गांव का धीरेंद्र खलासी के रूप में मौजूद था। शुक्रवार सुबह करीब पौने चार बजे ट्रक बेदूपारा गांव के पास पहुंचा ही था कि सड़क पर पड़ी कील से उसका टायर पंक्चर हो गया। चालक अवनीश व धीरेंद्र टायर बदलने के लिए ट्रक से नीचे उतरे। दोनों ने ट्रक का पहिया बदलना शुरू ही किया था कि अचानक असलहों से लैस पांच बदमाश उनके पास आ धमके।
बदमाशों ने चालक और खलासी को असलहे के जोर पर बंधक बना लिया। बदमाश उन्हें बगल स्थित अरहर के खेत में लेकर चले गए। चालक के विरोध करने पर बदमाशों ने उसके सिर पर असलहे की बट से प्रहार कर दिया। बट के प्रहार से उसका सिर फट गया और खून निकलने लगा। इससे चालक और खलासी दोनों दहशत में आ गए। उसके बाद बदमाशों ने चालक के पास मौजूद 25 हजार की नकदी, मोबाइल छीन लिया। जाते-जाते बदमाश खलासी धीरेंद्र का मोबाइल भी छीनकर फरार हो गए।