शहीद निलेश की पत्नी अपने स्थानांतरण की फरियाद लेकर पहुंची डीएम के पास
सुल्तानपुर। अखंडनगर के नगरी गांव के शहीद निलेश कीपत्नी अर्चना सिंह बृहस्पतिवार को डीएम की चौखट पर पहुंची। शासन व माननीयों की उपेक्षा से दुखी शिक्षिका अर्चना ने स्थानांतरण नहीं होने पर अनशन करने की बात कही है।
अप्रैल में शहीद निलेश सिंह की अंतिम विदाई के दौरान सरकार के प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे प्रदेश के आबकारी एवं प्रभारी मंत्री जयप्रताप सिंह गांव पहुंचे थे। शहीद की पत्नी अर्चना ने बताया कि हमने मंत्री के कहने पर स्थानांतरण की मांग की थी। दो-तीन दिन में स्थानांतरण कराने का आश्वासन दिया था। सात माह बाद भी कुछ नहीं हुआ। बताया कि प्रतिदिन फैजाबाद से गोंडा तैनाती वाले विद्यालय में जाने के लिए 50 किमी आवाजाही करनी पड़ती है।
एक साल के बच्चे को गोद में लेकर डेढ़ किमी विद्यालय पैदल जाना पड़ता है। कार्यालय में डीएम से मुलाकात के दौरान अर्चना ने कहा कि साहब स्थानांतरण करवा दीजिए नहीं तो अब अनशन पर ही बैठने का रास्ता बचा है। फिलहाल डीएम विवेक शहीद की पत्नी की पीड़ा सुनी और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
डीएम ने लिखा सीएम के सचिव को पत्र
शहीद की पत्नी की मांग को डीएम विवेक ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के सचिव मनीष चौहान को अर्चना के स्थानांतरण के संबंध में पत्र भेजा है। पत्र में प्रभारी मंत्री के वादे, शहीद की पत्नी की समस्या, लोगों में असंतोष व शहीद की पत्नी की ओर से अनशन की चेतावनी का हवाला दिया है। डीएम ने परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जल्द स्थानांतरण करवाने के लिए संबंधित को निर्देशित करने की अपेक्षा की है।