जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के राजेपुर गांव में बुधवार की रात घर में सो रहे परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर नकदी समेत लाखों के आभूषण चोरों ने पार कर दिया। जबकि पवारा थाना क्षेत्र के अमोध गांव में बंद पड़े घर का ताला तोड़कर जेवरात समेत तीन लाख का आभूषण चोर उठा ले गए। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के राजेपुर धर्मापुर निवासी चंद्रधर शुक्ल के मकान में खिड़की तोड़कर चोर रात में अंदर घुसे। जिन दो कमरों में परिवार की महिलाएं व बच्चे सो रहे थे, उसका दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। बगल के कमरों का ताला तोड़कर आलमारी तोड़ दी और बाक्स व अटैची उठा ले गए। उसमें रखा 75 हजार नकदी व सोने की दो चेन, हार, चार अंगूठी समेत करीब तीन लाख से अधिक का माल उठा ले गए। सुबह परिवार की महिलाएं सो कर उठी तो दरवाजा बाहर से बंद था। शोर मचाया तो बाहर बरामदे में सो रहे लोगों ने दरवाजा खोला। मुंगराबादशाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार पंवारा थाना क्षेत्र के अमोध गांव निवासी शिव बहादुर सिंह बिजली विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। वह पूरे परिवार सहित जबलपुर में रहते है। गांव के घर में ताला बंद था। रात में चोर सामने के दरवाजे का ताला तोड़कर घर में घुसे और पूरे घर को इत्मिनान से खंगाल डाला। चोर घर मे रखे जेवरात, कपड़े बर्तन व अन्य सामान उठा ले गये । पुलिस ने छानबीन की।