नकली शराब फैक्ट्री चलाने का एक और आरोपी गिरफ्तार
सुल्तानपुर। कुड़वार क्षेत्र के बंधुआकलां में नकली शराब फैक्ट्री चलाने के आरोप में फरार चौथे अभियुक्त को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी ने 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके पूर्व लखनऊ एसटीएफ की टीम शराब की अवैध फैक्ट्री चलाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
बंधुआकलां बाजार निवासी संगमलाल के घर पर आठ सितंबर को पुलिस व आबकारी टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में नकली शराब बनाने की फैक्ट्री पकड़ी थी। पुलिस ने मौके से अवैध शराब, अल्कोहल, स्प्रिट, शराब व डीजल बनाने के उपकरण बरामद करने का दावा किया। पुलिस ने अवैध शराब और डीजल बनाने के कारोबारी संगमलाल के साथ ही उसकी पत्नी रेनू, भाई बसंत लाल उर्फ रूपेश और धम्मौर क्षेत्र के बहलोलपुर निवासी संतोष व सरैया बनकेपुर निवासी जवाहरलाल जायसवाल के खिलाफ केस दर्ज किया था।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने इनाम घोषित किया। लखनऊ एसटीएफ की टीम ने गत दिनों संगमलाल, बसंतलाल और संतोष को गिरफ्तार कर लिया। 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी जवाहरलाल जायसवाल निवासी सरैया बनकेपुर थाना धम्मौर को पुलिस ने रविवार की रात उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।