दोहरे हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार
गौरीगंज। मुसाफिरखाना के सरैया सबलशाह गांव में शनिवार रात हुए दोहरे हत्याकांड में नामजद दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। तनाव को देखते हुए सरैया सबलशाह के साथ दुवरिया गांव में पीएसी व पुलिस बल तैनात है। दोनों पक्षों की ओर से दर्ज मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
सरैया सबलशाह गांव में शनिवार देर रात दो युवकों की हत्या में पुलिस ने चार नामजद व 50 अज्ञात और उससे पहले एक बालक को गोली मारकर घायल करने के मामले में छह नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने सरैया सबलशाह निवासी अनुज सिंह उर्फ छोटू व विनय यादव को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का सोमवार को मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया। एएसपी बीसी दुबे ने बताया कि दोनों गांवों में शांति व्यवस्था कायम है। एहतियात के तौर पर सरैया सबलशाह गांव में थानाध्यक्ष संग्रामपुर शिवाकांत पांडेय तथा दुवरिया में एसएचओ कमरौली प्रह्लाद सिंह के साथ ही डेढ़ सेक्सन पीएसी व स्थानीय थाने की फोर्स तैनात की गई है। दोनों पक्षों की ओर से दर्ज मुकदमों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ मुसाफिरखाना सूक्ष्मप्रकाश को जिम्मेदारी दी गई है। जल्द ही घटना में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।