बाइक सवार दंपती को एसयूवी ने रौंदा, मौत
सुल्तानपुर)। शहर से सटे छतौना गांव के समीप शनिवार देर शाम बाइक सवार को तेज रफ्तार एसयूवी ने रौंद दिया। दुर्घटना के बाद एसयूवी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा बाल-बाल बच गया। एसयूवी पर सवार चार लोग भी घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को रास्ते से हटाकर यातायात बहाल कराया।
लंभुआ क्षेत्र में शाहपुर हरिवंश निवासी जवाहरलाल (40), पत्नी सीता देवी (38) व 10 वर्षीय बेटे शिवनारायन के साथ शनिवार देर शाम बाइक से जा रहे थे। कोतवाली देहात क्षेत्र के छतौना गांव के पास तेज रफ्तार एसयूवी ने उन्हें रौंद दिया। दुर्घटना के बाद एसयूवी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में जवाहरलाल की मौके पर ही मौत हो गई। सीतादेवी और एसयूवी पर सवार शकील (34), जावेद (28), नौशाद (22) व पप्पू (32) निवासी तातोमुरैनी कोतवाली चांदा घायल हो गए।
सूचना के बाद पहुंची कोतवाली देहात थाने की पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से हटाकर सड़क किनारे किया। घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सीता देवी को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में सीतादेवी की भी मौत हो गई। घायलों का इलाज चल रहा है।