एसटीएफ ने मुठभेड़ में पकड़े तीन बदमाश
सुल्तानपुर। जयसिंहपुर क्षेत्र में एसटीएफ ने मुठभेड़ में तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक फरार हो गया। पकड़े गए बदमाशों के पास सराफा व्यवसायी से लूटी गई चांदी और सोना के साथ एक पिस्टल, दो तमंचा, दो बाइक व कारतूस बरामद हुए हैं।
गोसाईगंज क्षेत्र के मिश्रौली के रहने वाले ओम प्रकाश सोनी (42) की जयसिंहपुर क्षेत्र के बगियागांव चौराहे के पास सोने-चांदी के आभूषण की है। गत चार जून की सुबह बाइक सवार बदमाशों ने ओम प्रकाश को गोली मारकर जेवरात लूट लिए थे। पुलिस ने घायल सराफ की पत्नी वीणा की तहरीर पर चार अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था। एएसपी सूर्यकांत त्रिपाठी ने बताया कि विवेचना के दौरान एसटीएफ लखनऊ को सूचना मिली कि कई जिलों में लूटपाट करने वाला गिरोह सुल्तानपुर में सक्रिय है।
एसटीएफ के अधिकारियों ने एसआई राघवेंद्र सिंह व सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में एक टीम सुल्तानपुर में सक्रिय की। राघवेंद्र सिंह को सूचना मिली कि गत दिनों जेल से छूटा शातिर लुटेरा अरविंद यादव निवासी चमराडीह जनपद आजमगढ़, संतोष निवासी करौंदीकलां, सुल्तानपुर व अन्य बगिया चौराहे के पास पहुंचने वाले हैं। स्थानीय पुलिस को सूचना देकर एसटीएफ की टीम ने बगिया गांव चौराहे के पास घेराबंदी की। दो बाइकों पर सवार चार संदिग्धों को टीम ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि इस पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
एसटीएफ ने जवाबी फायरिंग करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एक फरार हो गया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान अरविंद यादव उर्फ लंबू उर्फ फौजी निवासी चमराडीह, आजमगढ़, संतोष उर्फ भगत निवासी डिहवा करौंदीकलां और राशिद अंसारी निवासी पटैला, जौनपुर के रूप में की गई। बदमाशों के पास एक पिस्टल, दो तमंचा, कारतूस, दो बाइक और सोना व चांदी बरामद हुईं।
एएसपी सूर्यकांत त्रिपाठी के मुताबिक बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि फरार आरोपी का नाम दीपक सिंह उर्फ विकास निवासी मानपुर झलियावां, लंभुआ है। इसी गिरोह ने चार जून को सराफा व्यवसायी ओम प्रकाश को गोली मारकर एक किलो चांदी व 150 ग्राम सोने के जेवरात लूटे थे। पुलिस ने लूटे गए जेवरात बरामद किए हैं।