गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक किया गया छात्र
क्रासर
अलीगढ़ गांव में पसरा सन्नाटा, किसी के घर में नहीं बना खाना
प्रशासनिक अधिकारियों से साथ प्रभारी एसपी ने लिया हालात का जायजा
पुलिस पांच युवकों को हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ
अमर उजाला ब्यूरो
दूबेपुर (सुल्तानपुर)। शहर से सटे अमहट पार्क के समीप कब्रिस्तान में शनिवार की दोपहर गमगीन माहौल में परिवारीजनों के साथ ही ग्रामीणों ने छात्र के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। छात्र की मौत से गांव में किसी के घर भी खाना नहीं बना। गांव में तनाव को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही प्रभारी एसपी ने हालात का जायजा लिया। पुलिस पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के अलीगढ़ अमहट निवासी मोहम्मद यहिया का बेटा मोहम्मद कैफ (16) केंद्रीय विद्यालय में कक्षा नौ का छात्र था। पिछले शुक्रवार की दोपहर बाद विद्यालय से घर लौटते समय कैफ की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे कैफ का शव घर पहुंचा, कोहराम मच गया। दोपहर बाद करीब ढाई बजे अमहट पार्क के समीप स्थित कब्रिस्तान में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। गांव में तनाव के बीच सन्नाटा पसरा रहा। अलीगढ़ गांव में किसी के घर भी चूल्हा नहीं जला। तनाव को देखते हुए एसडीएम प्रमोद पांडेय, प्रभारी एसपी सूर्यकांत त्रिपाठी, सीओ सिटी श्यामदेव, नगर कोतवाल एससी मिश्रा भी गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। नगर कोतवाल ने बताया कि पुलिस पांच युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।