लुटेरों का सुराग नहीं, दो संदिग्धों का स्केच जारी
गौरीगंज। पेट्रोल पंप मैनेजर के साथ हुई 4.29 लाख की लूट के खुलासे के लिए सक्रिय पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। सक्रिय पुलिस अब तक जहां दो संदिग्धों का स्केच जारी करने के अलावा पीड़ित को 1,400 बदमाशों की फोटो दिखाकर बदमाशों की पहचान कराने की कोशिश कर चुकी है वहीं तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी ने खुलासे के लिए स्वाट टीम के साथ ही गौरीगंज, जायस, अमेठी व मोहनगंज के प्रभारी निरीक्षक को लगाया है।
क्षेत्र में लोदी नाला के पास सोमवार सुबह भाजपा नेता के पेट्रोल पंप मैनेजर पारसनाथ वर्मा को बाइक सवार तीन बदमाशों ने गोली मारकर चार लाख, 29 हजार रुपये लूट लिए थे। लुटेरों की तलाश में सक्रिय हुई पुलिस अभी तक उनका सुराग नहीं लगा सकी है। इस बीच पुलिस ने पंप मैनेजर को एक हजार अधिक पुराने बदमाशों की फोटो दिखाकर लुटेरों की पहचान कराने की कोशिश की है।
इसके साथ ही पीड़ित के बताए गए हुलिया के आधार पर घटना में शामिल उन दो बदमाशों का स्केच भी बनवा कर जारी किया गया है जिनके चेहरे लूट के समय खुले हुए थे। एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए स्वाट टीम के साथ ही गौरीगंज, जायस, अमेठी व मोहनगंज के थानाध्यक्ष को लगाया गया है। एसपी ने कहा कि टीम के साथ एएसपी बीसी दुबे संदिग्धों के संभावित ठिकानों पर छापामारी कर रहे हैं। प्रतापगढ़ व रायबरेली के थानों से भी समन्वय स्थापित कर बदमाशों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।