लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित शेरपुर परसरामपुर गांव के पास गुरुवार सुबह चेकिंग के दौरान अवैध शराब से लदा एक मिनी ट्रक पलट गया। मौके का फायदा उठाकर मिनी ट्रक का चालक भाग गया।
इस दौरान पहुंचे पुलिस कर्मी हाईवे पर पलटे मिनी ट्रक और शराब की शीशियों को किनारे कर ही रहे थे कि तभी एक मुर्गी लदी पिकअप ने दो पुलिस कर्मियों को रौंद दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों पुलिस कर्मियों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां से एक सिपाही को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने सिपाहियों को रौंदने वाले वाहन को लावारिस हालत में बरामद किया है। चांदा कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर परसरामपुर गांव के पास गुरुवार की सुबह चांदा कोतवाल संजय कुमार सिंह पुलिस कर्मियों के साथ ही यूपी 100 के सिपाहियों के साथ हाईवे पर वाहनों की सघन जांच कर रहे थे।
इस दौरान एक मिनी ट्रक (संख्या यूपी 78 सीएन 2869) को पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वाहन चालक ट्रक लेकर भागने लगा। थोड़ी दूर जाने के बाद मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और उस पर लदी शराब की हजारों शीशियां सड़क पर बिखर गईं।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही मिनी ट्रक का चालक वाहन छोड़कर भाग गया। पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और हाईवे पर बिखरी शराब की शीशियां और गत्ते को उठाकर किनारे रख रहे थे। कुछ पुलिस कर्मी हाईवे से गुजरने वाले वाहनों को किनारे से निकलवा रहे थे कि तभी मुर्गी से लदी एक पिकअप उधर से गुजरी।
पुलिस कर्मियों को देखकर पिकअप चालक ने रफ्तार तेज कर दी। इस बीच हाईवे किनारे खड़े यूपी 100 के सिपाही जावेद निवासी लखनऊ और चांदा कोतवाली में तैनात सिपाही मुकेश यादव निवासी रायबरेली को पिकअप कुचलते हुए निकल गई।
गंभीर रूप से घायल दोनों सिपाहियों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने जावेद की हालत नाजुक होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। चांदा इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि मिनी ट्रक पर अवैध शराब लदी थी। उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
बरामद शराब एमपी की बनी है जिसकी कीमत साढ़े 13 लाख रुपये है। सिपाहियों को रौंदने वाली पिकअप को लावारिस हालत में बरामद किया गया है। वाहन अमेठी जिले का है। पिकअप के मालिक को बुलाया गया है।