दंपती की पिटाई कर घर में लूटपाट
सुल्तानपुर। घर के बाहर छप्पर में बेटे के साथ सो रहे दंपती को मंगलवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने बंधक बनाकर जमकर पीटा। फिर असलहे के जोर पर घर की चाबी लेकर करीब दो लाख रुपये कीमत के जेवर और नकदी लूटकर भाग गए। पीड़ित ने बुधवार को थाने में तहरीर दी है।
करौंदीकलां के बौढ़िया बालमऊ गांव निवासी सुरेश मंगलवार रात घर के बाहर बने छप्पर में पत्नी सुनीला और नौ वर्षीय बेटे सौरभ के साथ सो रहा था। देर रात चार नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और सुरेश व उसकी पत्नी को बंधक बना लिया। सुरेश व उसकी पत्नी को पीटकर बदमाशों ने घर की चाबी छीन ली।
फिर घर में रखा बक्सा और अटैची तोड़कर करीब दो लाख रुपये कीमत के जेवर व नकदी लूटकर बदमाश भाग गए। थानाध्यक्ष जसबीर सिंह ने बताया कि, तहरीर मिली है। जांच के लिए दरोगा को भेजा है। लूटपाट नहीं बल्कि चोरी की घटना प्रतीत हो रही है। जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।