जेठ ने महिला को मारी गोली, हालत नाजुक
अमेठी। सोनारी पांडेय का पुरवा गांव में कारगिल शहीद राम निहोर के घर विद्युत कनेक्शन काटने का विवाद हिंसक हो गया। कनेक्शन काटने से मना करने पर सेना से रिटायर्ड भाई ने छोटे भाई की पिटाई शुरू कर दी।
पति को बचाने दौड़ी पत्नी पर जेठ ने पिस्टल से फायर कर दिया। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने गांव का दौरा कर घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पति की तहरीर पर भाई व भाभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर भाभी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी भाई की तलाश कर रही है।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के सोनारी पांडेय का पुरवा निवासी किसान रामसूरत यादव पुत्र राम अधार अपने चार भाइयों में सबसे छोटे हैं। बड़े भाई राम निहोर यादव, राम सेवक यादव सेना में तैनात थे, जबकि राम अचल गांव में ही राम सूरत के साथ रहते थे।
कारगिल युद्ध के दौरान राम निहोर यादव शहीद हो गए थे। राम निहोर के शहीद होने के बाद राम अचल भी सेना में भर्ती हो गए थे। गांव में खेतीबाड़ी का जिम्मा राम सूरत के ही कंधों पर था।
सेना से रिटायर्ड होने के बाद राम अचल भी गांव आ गए। राम अचल ने पुश्तैनी मकान से अलग अपना मकान बनवाया है। नए मकान का विद्युत कनेक्शन राम अचल के नाम पर लिया गया था।
इसी से रामसूरत के मकान को भी बिजली मिलती थी। सोमवार की सुबह आठ बजे राम अचल यादव अपने भाई रामसूरत के घर का तार काट रहे थे। इसका रामसूरत यादव ने विरोध किया तो राम अचल ने उसकी डंडे से पिटाई शुरू कर दी।
राम सूरत को बचाने के लिए उनकी पत्नी संगीता (30) दौड़ी। आरोप है कि राम अचल की पत्नी आरती ने घर से लाइसेंसी पिस्टल लाकर राम अचल को थमा दिया और संगीता को गोली मारने को कहा।
पत्नी के कहते ही राम अचल ने पिस्टल से संगीता पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही संगीता जमीन पर गिर पड़ी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने संगीता को जिला अस्पताल सुल्तानपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
एसओ पीपरपुर श्याम सुंदर ने बताया कि राम सूरत की तहरीर पर रिटायर्ड सैनिक राम अचल यादव और उसकी पत्नी आरती के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरती को गिरफ्तार कर लिया है।