बाइक में टक्कर मार दुकान में घुसी जीप, चार घायल
सुल्तानपुर। राजापुर बाजार में बृहस्पतिवार सुबह एक जीप अनियंत्रित होकर बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद एक दुकान में घुस गई। हादसे में महिला समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने महिला को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
कुड़वार थाना क्षेत्र के राजापुर बाजार में बृहस्पतिवार सुबह फूलचंद की दुकान के पास एक जीप अनियंत्रित हो गई। इस दौरान जीप की चपेट में एक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद जीप फूलचंद की दुकान में घुस गई।
जीप की टक्कर से टीन शेड टूटकर गिर गया और दुकान में बैठी सुशीला (48) व सामान खरीद रही नेमा का पुरवा निवासी धनपती (60) समेत चार लोग घायल हो गए।
सभी को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने सुशीला और धनपती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से सुशीला को चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।