उड़नदस्ते ने सोनावां में चेकिंग के दौरान पकड़े 95 हजार रुपये
सुल्तानपुर। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सक्रिय उड़नदस्ता ने चेकिंग के दौरान चांदा क्षेत्र के सोनावां बॉर्डर पर 95,370 रुपये बरामद किए हैं। वाहन सवार लोग बरामद रुपयों के बारे में कोई साक्ष्य नहीं दिखा पाए। इस पर टीम ने धनराशि जब्त कर ली है।
चांदा क्षेत्र में जौनपुर जनपद की सीमा पर स्थित सोनावां बार्डर पर रविवार रात चेकिंग में लगी थी। उड़नदस्ता प्रभारी गुलाबचंद्र ने बताया कि चेकिंग के दौरान टीम ने एक छोटे डाला वाहन को रुकवाया। वाहन चालक कोइरीपुर कस्बा निवासी फिरोज अहमद के पास से 95,370 रुपये बरामद हुए।
टीम की पूछताछ में चालक ने स्वयं को एक वॉशिंग पाउडर का विक्रेता बताया। राशि उसी से संबंधित बताई लेकिन कोई साक्ष्य नहीं दिखा सका। इस पर टीम ने धनराशि जब्त कर ली। वरिष्ठ कोषाधिकारी व नोडल अधिकारी वरुण खरे ने बताया कि उड़नदस्ता ने राशि को कोषागार में जमा करा दिया है। बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में बनाए गए चेक पोस्टों पर चेकिंग चल रही है।
लोकसभा चुनाव में रुपये, सामान एवं शराब का दुरुपयोग रोकने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्य प्रकाश गिरि ने जिले 16 उड़नदस्तों गठन किया है। इसमें अधिकारियों के साथ पुलिस कर्मियों को भी शामिल किया गया है। थाना क्षेत्रवार टीम चेकिंग के लिए लगाई गई है। आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के लिए 16 स्थायी निगरानी टीम गठित की गई हैं। गठित टीम के साथ ही 16 वीडियो निगरानी टीम भी गठित की गई है। इन्हें आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।