लॉकअप से भाग निकला हिस्ट्रीशीटर
लंभुआ (सुल्तानपुर)। जखनी गांव में एक कार्यक्रम के दौरान फायरिंग करने के आरोप में जिस हिस्ट्रीशीटर को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था वह रविवार दोपहर स्थानीय कोतवाली के लॉकअप से पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने कई स्थानों पर तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चल पाया।
क्षेत्र के जखनी गांव में शनिवार को तेरहवीं का कार्यक्रम था। आरोप है कि कार्यक्रम में पहुंचे हिस्ट्रीशीटर विजय कुमार ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई थी। कुछ लोगों ने हिम्मत जुटाते हुए विजय को असलहे के साथ पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची यूपी 100 ने आरोपी को हिरासत में कोतवाली पहुंचाया।
रविवार दोपहर वह पुलिस कर्मियों को चकमा देकर लॉकअप से बाहर निकला और फरार हो गया। कोतवाल धर्मराज उपाध्याय ने बताया कि विजय हिस्ट्रीशीटर है। वह पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया है। कोतवाल ने फायरिंग की घटना से इंकार किया है। उधर एएसपी सूर्यकांत त्रिपाठी ने बताया कि प्रकरण की जानकारी कर कार्रवाई की जाएगी।