जीप ने पांच को रौंदा, पंचायत सेक्रेटरी समेत दो की मौत
सुल्तानपुर। कादीपुर क्षेत्र में शुक्रवार शाम शिक्षक भाई के साथ सड़क किनारे खड़ी महिला पंचायत सेक्रेटरी समेत पांच लोगों को तेज रफ्तार जीप ने रौंद दिया। दुर्घटना में महिला सेक्रेटरी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि ग्राम प्रधान समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
नगर के शास्त्रीनगर मोहल्ला निवासी हरीराम यादव की पुत्री किरन (25) कादीपुर के सैदपुर कलां गांव की सेक्रेटरी थी। किरन का भाई शिव कुमार यादव (27) धनपतगंज के हरौरा में शिक्षक हैं। शुक्रवार शाम किरन को कादीपुर से लेने के लिए शिव कुमार बाइक से पहुंचे थे। ड्यूटी के बाद शिव कुमार अपनी बहन किरन के साथ बरवारीपुर पहुंचे और सड़क किनारे बाइक खड़ी करके बात करने लगे। इस दौरान सैदपुर कलां गांव के प्रधान विनोद मिश्र (45) व चंद्रभान दूबे (57) एक बाइक से वहां पहुंच गए। किरन ग्राम प्रधान से बात कर ही रही थी कि तभी तेज रफ्तार जीप चारों को रौंद दिया। सड़क किनारे खड़े (65) वर्षीय एक बुजुर्ग को टक्कर मारते हुए पलट गई।
हादसे के बाद जीप चालक वाहन से कूदकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने बाबा, किरन यादव, शिव कुमार और चंद्रभान दूबे को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जबकि ग्राम प्रधान विनोद को परिवारीजन लेकर जौनपुर जिला अस्पताल चले गए। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला सेक्रेटरी किरन यादव और बुजुर्ग बाबा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में चंद्रभान दूबे को चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर किया है। सीओ कादीपुर सुरेंद्र कुमार ने बताया कि जीप को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे में तीन बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है।