खड़े ट्रक से भिड़ा तेज रफ्तार ट्रक, खलासी की जान गई
अमेठी। धम्मौर क्षेत्र में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक की खड़े ट्रक से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में खलासी की मौत हो गई। सनहा गांव के पास रविवार सुबह एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इस ट्रक का चालक आजमगढ़ के खेवानानपुर महराजगंज निवासी हरिओम पांडेय गिट्टी लाने महोबा जा रहा था।
चालक ने खलासी कृष्णानंद (34) निवासी अराजी शिवपुर, आजमगढ़ को टायर चेक करने के लिए कहा। कृष्णानंद टायरों को चेक कर रहा था कि सुल्तानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खड़ा ट्रक कई मीटर पीछे चला गया। चपेट में आने से खलासी कृष्णानंद की मौके पर मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची धम्मौर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।