एसटीएफ ने मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी पकड़ा
सुल्तानपुर। एसटीएफ लखनऊ की टीम ने बृहस्पतिवार दोपहर बाद मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया बदमाश दो माह पूर्व सराफ से हुई जेवरात की लूट में भी शामिल था। उसके पास आधा किलो चांदी, 10 ग्राम सोना के साथ एक पिस्टल और बाइक बरामद हुई है।
जयसिंहपुर क्षेत्र के बगियागांव चौराहे पर रहने वाले सराफ ओम प्रकाश सोनी की दियरा रोड पर सोने-चांदी के आभूषण की दुकान है। गत चार जून दो बाइक सवार चार बदमाशों ने ओम प्रकाश को गोली मारकर छह लाख रुपये कीमत के जेवरात लूट लिए थे। घटना के खुलासे के लिए एसटीएफ लखनऊ को भी लगाया गया। एसटीएफ के इंस्पेक्टर बृजेश शर्मा की टीम जिले में सक्रिय थी। बृहस्पतिवार को एक सूचना पर टीम ने जयसिंहपुर क्षेत्र के रामपुर मोड़ के पास बाइक सवार एक युवक को रोका तो उसने फायरिंग कर दी।
एसटीएफ ने स्थानीय पुलिस को सूचना देने के साथ जवाबी फायरिंग करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान दीपक सिंह पुत्र बम बहादुर सिंह निवासी मामपु झलियावां कोतवाली लंभुआ के रूप में हुई। दीपक की निशानदेही पर टीम ने सराफ से लूटे गए जेवरातों में से आधा किलो चांदी, 10 ग्राम सोना बरामद किया। दीपक के पास से पुलिस ने बाइक के साथ ही एक पिस्टल भी बरामद की है। एसटीएफ टीम ने दीपक को जयसिंहपुर पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाल देवेश सिंह ने बताया कि सराफ के साथ हुई लूटपाट में शामिल दीपक सिंह पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।