दूबेपुर (सुल्तानपुर)। दूबेपुर गांव में रविवार की रात छत के रास्ते घर में दाखिल हुए बदमाशों ने देवरानी और जेठानी को चाकू के जोर पर बंधक बनाकर तीन लाख रुपये कीमत के जेवरारत और नकदी लूट ली। देवरानी के विरोध करने पर बदमाशों ने लात-घूसों से पीटकर उसे घायल कर दिया। सूचना के बाद पहुंचे अधिकारियों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने नमूना एकत्र कर जांच की। मौके पर डॉग स्क्वॉयड टीम भी पहुंची।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के दूबेपुर गांव निवासी प्रद्युम्न वर्मा की पत्नी अपने मायके गई थी। घर पर प्रद्युम्न वर्मा अपनी दो बहुएं यशोदा वर्मा पत्नी सिकंदर और लक्ष्मी (28) पत्नी जितेंद्र वर्मा के साथ रविवार को मौजूद थे। रात में भोजन करके प्रद्युम्न घर के बाहर बने ओसारे में सो गए, जबकि दोनों बहुएं घर के अंदर कमरे में सोई थीं। रात करीब 12 बजे छत के रास्ते घर में तीन बदमाश घुस गए। खटपट की आवाज सुनकर दोनों बहुएं जाग गईं। चेहरे पर नकाब पहने एक बदमाश ने यशोदा के गले पर चाकू रखकर बक्से व अलमारी की चाबी मांग ली। लक्ष्मी ने एक बदमाश के चेहरे से नकाब खीचने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उसे लात-घूसों से मारकर मरणासन्न कर दिया। बदमाशों ने घर की अलमारी व बक्से में रखे तीन लाख रुपये कीमत के जेवरात और नकदी लूट ली।
बदमाशों ने यशोदा को धमकी देते हुए कहा कि यदि जाते समय शोर मचाओगी तो बाहर सो रहे तुम्हारे ससुर को गोली मार देंगे। बदमाशों के जाने के बाद यशोदा ने शोर मचाया तो ससुर के साथ ही आस-पास के ग्रामीण वहां पहुंच गए। ग्रामीणों की सूचना पर रात में यूपी 112 के साथ ही एसओ गौरीशंकर पाल पहुंच गए। सूचना के बाद फोरेंसिक और डॉग स्क्वॉयड टीम भी मौके पर पहुंची। एसओ ने बताया कि प्रद्युम्न वर्मा की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है।
आस-पास के हैं लुटेरे
दूबेपुर। दूबेपुर गांव में प्रद्युम्न वर्मा के घर में रविवार को कौन-कौन मौजूद है। बदमाशों को इसकी पूरी जानकारी थी। पुलिस को इस बात के पुख्ता सबूत मिले हैं कि लुटेरे आस-पास के ही हैं।