सुल्तानपुर। अधिवक्ता आजाद अहमद हत्याकांड में एफटीसी द्वितीय विजय कुमार गुप्ता की अदालत में शुक्रवार को साक्ष्य पर सुनवाई के लिए साक्षी चिकित्सक डॉ. वैभव जायसवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये हाजिर रहे। उनका मुख्य बयान दर्ज हुआ लेकिन उनसे जिरह नहीं हो सकी। अदालत ने जिरह के लिए सात मार्च की तारीख तय की है। मुठभेड़ में मारे जा चुके आरोपी सिराज अहमद की कुर्क की गई संपत्ति को रिलीज करने की अर्जी पर बहस के लिए भी शनिवार का दिन तय किया गया है।
कोतवाली देहात के भुलकी चौराहे के पास छह अगस्त 2023 को अधिवक्ता आजाद अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक अधिवक्ता के पिता मो.सलीम ने आरोपी इकरामुद्दीन समेत अन्य के खिलाफ स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले का मुख्य आरोपी इनामी सिराज अहमद पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों के खिलाफ ट्रायल चल रहा है।