सुल्तानपुर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य, व्यावहारिक चुनौतियों और भविष्य के कॅरिअर मार्गदर्शन को फोन पर भी काउंसिलिंग की सुविधा मिलेगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने बच्चों और अभिभावकों को इस सेवा के माध्यम से सीधे विशेषज्ञों से जोड़ने के लिए एक टोल फ्री नंबर जारी किया है। इस नंबर पर कॉल कर बच्चे अपनी मानसिक समस्या, पढ़ाई से जुड़ी परेशानी या भविष्य को लेकर सलाह ले सकेंगे। काउंसलर उचित समाधान के साथ उनका मार्गदर्शन करेेंगे।
शासन के आदेश के बाद बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर ट्रोल फ्री नंबर 18001805311 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया है।
कहा गया है कि सभी परिषदीय स्कूलों, बीआरसी कार्यालयों, दीवारों और प्रमुख स्थलों पर नंबर को लिखवाया जाए, जिससे हर बच्चा इस सेवा तक आसानी से पहुंच सके। शिक्षक अभिभावक सभा, सामुदायिक बैठकों और कक्षावार परिचर्चा में इसकी जानकारी दें।
जिले में वर्तमान में 2069 परिषदीय विद्यालय संचालित हैं, जिनमें करीब 1,94,015 विद्यार्थी नामांकित हैं।
विभागीय अधिकारियों का मानना है कि बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ाई के दबाव, आत्मविश्वास की कमी, घर के तनाव, व्यावहारिक समस्याओं या कॅरिअर को लेकर उलझन में रहते हैं।
ऐसी स्थिति में वे सही समय पर अपनी बात कह नहीं पाते। यह सेवा उन्हें बिना हिचक और सुरक्षित माध्यम से विशेषज्ञ से संवाद का मौका देगी।