सुल्तानपुर। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की चपेट में आकर जान गंवाने वाले 138 लोगों के आश्रितों को जल्द सहायता राशि मिलेगी। शासन ने प्रत्येक मृतकों के आश्रितों को 50 हजार रुपये देने के लिए धनराशि का आवंटन कर दिया है। धनराशि आवंटन के बाद जिला प्रशासन ने तहसीलों से मृतकों के आश्रितों की रिपोर्ट मांगी है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की चपेट में आने वाले मृतकों के आश्रितों को शासन ने 50 हजार रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की है। शासन ने सहायता राशि देने के लिए जिला प्रशासन से मृतकों की रिपोर्ट मांगी थी। इस आदेश पर जिला प्रशासन ने 138 मृतकों की सूचना शासन को भेजी थी। सूचना मिलने के बाद शासन ने प्रत्येक मृतकों के आश्रितों को सहायता राशि देने के लिए 50 हजार रुपये की दर से धनराशि का आवंटन कर उसे तुरंत लाभार्थियों के खाते में भेजने का आदेश दिया है।
शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने तहसीलों से मृतकों के आश्रितों की रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही अन्य संबंधित विभागों से भी रिपोर्ट मांगी थी, जिससे एक लाभार्थी दोहरा लाभ न पा सके। स्वास्थ्य, महिला कल्याण विभाग की रिपोर्ट के बाद 138 लोग कोरोना से मृतक पाए गए हैं। जिला प्रशासन 138 मृतकों के आश्रितों को 50 हजार रुपया देने की तैयारी में जुटा है।
एक-दो दिन में भेज दी जाएगी सहायता राशि
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि कोरोना से जिले में 138 सामान्य लोगों के मौत की रिपोर्ट आई है। मृतकों के आश्रितों को सहायता राशि देने के लिए तहसीलों से रिपोर्ट मांगी गई है। आश्रितों की रिपोर्ट मिलते ही एक-दो दिन में सहायता राशि भेज दी जाएगी।