सुल्तानपुर। अमेठी की पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रमा देवी व अन्य आरोपियों के खिलाफ चल रहे फर्जीवाड़े के आरोप से जुड़े मामले में शनिवार को आरोपी संगम लाल सोनी की जमानत अर्जी पर एडीजे द्वितीय राकेश पांडेय की अदालत में बहस हुई। अदालत ने उभय पक्षों की बहस सुनने के बाद आरोपी संगम लाल सोनी की जमानत सशर्त मंजूर कर ली है।
ट्रायल कोर्ट ने मामले में सुनवाई के लिए 25 जून की तारीख तय की है। कोतवाली अमेठी के कस्बा निवासी परिवादी घनश्याम सोनी ने तत्कालीन नपं अध्यक्ष चंद्रमा देवी एवं कस्बे के ही आरोपीगण सगे भाई लल्लू प्रसाद सोनी,लालजी सोनी, पुजारी लाल सोनी व संगम लाल सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप लगाए थे। एफटीसी जज भव्या श्रीवास्तव की कोर्ट में यह मामला विचाराधीन है। इस मामले में जेल जाने के बाद आरोपी चंद्रमा देवी सहित चार आरोपियों की जमानत पूर्व में मंजूर हो चुकी है, जबकि आरोपी संगमलाल सोनी सरेंडर कर जमानत अर्जी पेश किए थे। उनकी भी जमानत अर्जी अदालत ने मंजूर कर ली है।