सुल्तानपुर। उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बादलों ने शनिवार को भी निराश किया। दिनभर छाए बादल बूंदाबांदी तक सीमित रहे। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिल सकी। बारिश नहीं होने से किसान भी परेशान हैं। उन्हें धान की नर्सरी की सिंचाई के लिए नलकूपों का सहारा लेना पड़ रहा है।
वैसे मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान लगाया है। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम पर्यवेक्षक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 36.5डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। मौसम में आर्द्रता (नमी) 76-58 फीसदी रही। दक्षिणी-पुरवा हवा की गति 4.9किमी/घंटे रिकॉर्ड की गई है।