लंभुआ/सुल्तानपुर। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत बुधवार को जिले के परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालयों में स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली गई। तख्तियों पर लिखे नारे लगाते हुए स्कूली बच्चों ने गांव-गांव भ्रमण कर अभिभावकों को उनके पाल्यों का स्कूल में दाखिला कराने के लिए प्रेरित किया।
रैली के दौरान शिक्षकों ने कहा कि शिक्षा सभी का अधिकार है। हमें पढ़-लिखकर समाज में अपना वर्चस्व बनाना चाहिए क्योंकि साक्षरता के बल पर ही देश व समाज विकास कर सकता है। सरकार की मंशा गरीब व असहाय छात्रों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराना है। इसके लिए परिषदीय विद्यालयों को कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर चलाया जा रहा है।
लंभुआ क्षेत्र के उमरपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में एसएमसी अध्यक्ष दिनेश उपाध्याय के नेतृत्व में बच्चों ने स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली। स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर मलिन बस्ती, पंडित का पूरा बस्ती, साहूकार बस्ती, तलियावा, बेलौना पश्चिम में नारे लगाते हुए बच्चों ने अभिभावकों को परिषदीय विद्यालयों में नामांकन कराने के लिए जागरूक किया।
प्रधानाध्यापक रामकेश सिंह ने बताया कि समुदाय को विद्यालय से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है। बच्चों ने ‘कोई न छूटे अबकी बार, शिक्षा है सबका अधिकार...’, ‘हर बेटी का यह अधिकार, पूरी शिक्षा पूरा प्यार...’ व ‘जनमानस का यह है कहना, पढ़ लो भैया-पढ़ लो बहना...’ जैसे नारे लगाए। इस मौके पर सहायक अध्यापिका अंजली मिश्रा, स्वामीनाथ, बबिता, इंद्रावती, सुनीता, विजय नारायण तिवारी, बद्रीनाथ उपाध्याय मौजूद रहे।