सुल्तानपुर। विजय नारायण सिंह हत्याकांड में जिला जज लक्ष्मीकांत शुक्ल ने आरोपी के खिलाफ बुधवार को आरोप तय किया। जिला जज ने अभियोजन पक्ष की गवाही शुरू करने के लिए 29 जनवरी की तिथि तय की है।
कोतवाली नगर के नरायनपुर गांव निवासी विजय नारायण सिंह की सात अप्रैल 2024 को शहर के दरियापुर तिराहे के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई सतीश नारायण सिंह ने अंबेडकरनगर जिले के महरुआ थाने के सिलावाट गांव निवासी अजय सिंह सिलावट समेत कई अन्य आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नगर में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
आरोपी अजय सिंह सिलावट को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बुधवार को जिला जज ने आरोपी अजय सिंह सिलावट के खिलाफ आरोप तय कर वादी मुकदमा सतीश नारायण सिंह को गवाही के लिए तलब किया है। मामले में अगली सुनवाई 29 जनवरी को होगी।