सुल्तानपुर। बिजली, पानी की समस्या को लेकर सडक़ जाम करने के मामले में आरोपी आप सांसद संजय सिंह व सपा के पूर्व विधायक अनूप संडा समेत छह आरोपियों के खिलाफ शनिवार को स्पेशल जज एमपी-एमएलए पीके जयंत ने चार्ज तय किया है। कोर्ट ने गवाहों को तलब करने का आदेश देते हुए अगली सुनवाई के लिए 13 मार्च की तिथि नियत की है। मामला कोतवाली नगर से जुड़ा है।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक शहर में बिजली की हो रही अंधाधुंध कटौती व पानी की समस्या को लेकर 19 जून 2001 को गभडिय़ा ओवरब्रिज के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया था। इससे आवागमन बाधित हो गया था।
मामले में एसआई अशोक सिंह की तहरीर पर पुलिस ने कोतवाली नगर में आप सांसद संजय सिंह, पूर्व सपा विधायक अनूप संडा समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी मामले में आरोपी आप सांसद संजय सिंह, पूर्व सपा विधायक अनूप संडा और सहयोगी विजय कुमार, सुभाष चौधरी, कमल श्रीवास्तव व संतोष कुमार शनिवार को स्पेशल जज एमपी-एमएलए पीके जयंत की कोर्ट में पेश हुए।
कोर्ट ने आप सांसद संजय सिंह व पूर्व सपा विधायक अनूप संडा समेत सभी छह आरोपियों के खिलाफ चार्ज तय किया। बचाव पक्ष के अधिवक्ता रुद्र प्रताप सिंह मदन ने बताया कि कोर्ट ने गवाहों को तलब करने का आदेश देते हुए अगली सुनवाई के लिए 13 मार्च की तिथि नियत की है।