सुल्तानपुर। केएनआई पीएसएस के अंग्रेजी विभाग के रीडर को बंधक बनाकर पिटाई करने के मामले में आरोपी पूर्व मंत्री व भाजपा विधायक विनोद सिंह और उनके भाई के खिलाफ सोमवार को एमपी-एमएलए की विशेष अदालत के मजिस्ट्रेट योगेश कुमार यादव ने आरोप तय किया। कोर्ट ने केस दर्ज कराने वाले रीडर को गवाही के लिए तलब करते हुए अगली सुनवाई के लिए चार अक्तूबर की तिथि नियत की है।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता संतोष पांडेय के मुताबिक केएनआई पीएसएस के अंग्रेजी विभाग के रीडर वीपी सिंह ने कोतवाली नगर में 11 अक्तूबर 2004 को केएनआई पीएसएस के प्रबंधक व पूर्व मंत्री विनोद सिंह और उनके भाई अरविंद सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
वीपी सिंह का आरोप है कि उन पर प्रबंधक विनोद सिंह एक स्ववित्त पोषित संस्थान में अंग्रेजी पढ़ाने के लिए दबाव बना रहे थे। उनका यह भी आरोप है कि 11 अक्तूबर 2004 को विनोद सिंह शहर के लाल डिग्गी चौराहे के पास स्थित केएनआईसीई में बुलाकर दोबारा अंग्रेजी पढ़ाने के लिए दबाव बनाने लगे थे। मना करने पर विनोद सिंह व उनके भाई अरविंद सिंह ने रीडर को बंधक बनाकर पिटाई कर दी थी।
इसी मामले में सोमवार को पूर्व मंत्री व सुल्तानपुर क्षेत्र के भाजपा विधायक विनोद सिंह और उनके भाई अरविंद सिंह अपने अधिवक्ता संतोष पांडेय के साथ कोर्ट में पेश हुए। अदालत ने विधायक व उनके भाई पर आरोप (चार्ज) तय करते हुए वादी मुकदमा वीपी सिंह को गवाही के लिए तलब करने का आदेश दिया है।