भदैंया (सुल्तानपुर)। ब्लॉक पर स्थित बड़े तालाब का सोमवार को सीडीओ ने तीन घंटे मौके पर खुद मौजूद रहकर कायाकल्प कराया। करीब 230 सफाई कर्मियों को लगाकर तालाब की सफाई के साथ ही ठोस कचरे का प्रबंधन भी कराया गया। इस दौरान एक सफाई कर्मी को कुछ चोटें आ गईं।
26 जून को मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स ने ब्लॉक का निरीक्षण किया था। उस समय तालाब झाड़ियों से पटा व आसपास ठोस कचरा बिखरा पाया गया था। सीडीओ ने एक योजना के तहत सोमवार को अभियान के तौर पर सफाई कराने का निर्देश डीपीआरओ व बीडीओ को दिया था।
योजना के तहत मुख्य विकास अधिकारी सोमवार की सुबह छह बजे डीपीआरओ आरके भारती को लेकर पहुंच गए। डीपीआरओ के निर्देश पर भदैंया व दूबेपुर के करीब 230 सफाई कर्मी पहुंचकर ब्लॉक मुख्यालय के बड़े तालाब की सफाई शुरू की।
करीब तीन घंटे सीडीओ व डीपीआरओ मौके पर डटे रहे। इस दौरान जेसीबी व सफाई कर्मियों की मदद से तालाब का कायाकल्प करा दिया गया। आसपास फैले ठोस कचरे को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर उसमें निस्तारित करा दिया।
तालाब की सफाई के बाद सीडीओ ने किनारे पर स्थित नलकूप की गहरी बोरिंग को दुरुस्त कराने व तालाब के चारों ओर इंटरलॉकिंग घाट बनवाने का निर्देश दिया है। इस दौरान बीडीओ आशीष कुमार, दूबेपुर व भदैंया के एडीओ पंचायत भी मौजूद रहे।
झाड़ियों की सफाई के दौरान गोपालपुर में कार्यरत एक सफाई कर्मी राजेश कुमार घास काटने वाले औजार से घायल हो गया। डीपीआरओ ने उसको तत्काल बगल स्थित सीएचसी में भर्ती कराया। कर्मी के घायल होने पर काफी देर तक सफाई का काम रुका रहा। इसके बाद फिर काम शुरू कराया गया। सफाई कर्मियों ने खतरनाक स्थलों की सफाई के लिए किट की मांग रखी है।