अखंडनगर के कनकपुर के पास मुठभेड़ में घायल मो. आसिफ। स्रोत-पुलिस
अखंडनगर (सुल्तानपुर)। मालीपुर मार्ग पर कनकपुर के पास सोमवार देर रात जौनपुर जिले के शाहगंज के गौसपुर निवासी मो. आसिफ (39) और उसके साथियों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आसिफ व उसके दो साथियों ने पुलिस टीम पर फायर किया। जवाबी फायरिंग में एक गोली आसिफ के दाहिने पैर में लगी। इसके बाद उसके साथी भाग निकले। पुलिस ने आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है।
मुठभेड़ के बारे में अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात एक बजे के बाद अखंडनगर पुलिस को पता चला कि कनकपुर के पास कुछ पशु तस्कर एक कार से निकलने वाले हैं। इसी बीच एक सफेद रंग की कार आती दिखी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो कार पर सवार लोगों ने असलहे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मोहम्मद आसिफ के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके साथी मौके से भाग निकले। आसिफ ने पुलिस को बताया कि उसके साथ अखंडनगर के रायपुर निवासी एनुल, अकमल थे। आसिफ के पास से पुलिस को एक असलहा, कारतूस मिला है। अखंडनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
24 गोवंशों के शव के मामले में तलाश कर रही थी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, जयसिंहपुर के बौरा माधवपुर गांव के पास गत दिनों खेत में 24 गोवंशों के शव फेंके जाने के मामले की जांच में मो. आसिफ का नाम सामने आया था। उसकी संलिप्तता आने के बाद पुलिस तलाश कर रही थी। कार का इस्तेमाल आरोपी को तस्करी के लिए करता था। उसके खिलाफ जौनपुर व बाराबंकी जिले में छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले में अन्य संभावित कड़ियों की जानकारी जुटा रही है। संवाद