सुल्तानपुर। जिले में ताबड़तोड़ लूट की दो वारदात से कानून-व्यवस्था की पोल खुल गई है। अखंडनगर में बदमाशों ने असलहे के जोर पर बुधवार की देर शाम पेट्रोल पंप से एक लाख 82 हजार और करौंदीकलां में बृहस्पतिवार की दोपहर बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र से एक लाख रुपये लूट लिए। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने असलहे के बट से ग्राहक सेवा केंद्र के फ्रेंचाइजी को मारकर घायल कर दिया।
अखंडनगर क्षेत्र के कलाम चौराहे पर खुशियाल गौतम का मां गंगा फिलिंग स्टेशन नाम से पेट्रोल पंप है। बुधवार की देर शाम दो बाइकों से पेट्रोल पंप पहुंचे चार बदमाशों ने असलहे के जोर पर सेल्समैन से एक लाख 82 हजार रुपये लूट लिए। सूचना के बाद रात में पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष संजय यादव ने बताया कि बुधवार शाम को उन्हें 15 हजार रुपये लूट की तहरीर मिली थी। उसी तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बृहस्पतिवार को लूट की रकम एक लाख 82 हजार रुपये बताई गई है। इसकी जांच की जा रही है।
दूसरी घटना बृहस्पतिवार की दोपहर करौंदीकलां क्षेत्र के रवनिया चौराहे पर हुई। चौराहे पर कमलेश नाविक निवासी गजेंद्रपुर ने बड़ौदा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र खोल रखा है। दोपहर साढ़े 12 बजे के बाद एक बाइक से तीन बदमाश ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचे और अंदर से शटर बंद कर लिया। बदमाशों ने अंदर मौजूद कमलेश नाविक से एक लाख रुपये लूट लिए। कमलेश ने विरोध किया तो बदमाशों ने असलहे के बट से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। लूट की वारदात के बाद बदमाश दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्डडिस्क उठा ले गए। कमलेश ने शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन लुटेरे फरार हो गए। लूट की सूचना मिलने के बाद एएसपी विपुल श्रीवास्तव व सीओ कादीपुर सुरेंद्र कुमार मौके पर पहुंच गए।