गोसाईगंज। क्षेत्र के मिश्रौली चौराहे पर स्थित देसी शराब की दुकान में बुधवार रात चोरों ने सेंध लगाकर 87,750 रुपये नकद और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर चुरा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
मिश्रौली निवासी मनीष कुमार सिंह की माता जड़ावती सिंह के नाम से मिश्रौली चौराहे पर देसी शराब की दुकान संचालित है। बुधवार रात चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में सेंध काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद 87,750 रुपये नकद और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर चोरी कर भाग निकले।
बृहस्पतिवार सुबह सेल्समैन जयप्रकाश दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की दीवार में सेंध और अंदर सामान बिखरा देख उन्होंने दुकान मालिक के बेटे मनीष कुमार सिंह को सूचना दी। मनीष मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।