अखंडनगर। नगरी भेड़ी घाट में पांच अक्तूबर को आंधी-बारिश से बिजली के टूटे तार को जोड़ने और नया पोल लगाने के काम में बाधा डालने का आरोप लगा है। विद्युत उपकेंद्र अखंडनगर के अवर अभियंता आलोक रंजन सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पांच नामजद सहित 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जेई के मुताबिक आंधी बारिश से विद्युत उपकेंद्र अखंडनगर से फीडर की एलटी लाइन टूट गई थी। नगरी के भेड़ीघाट में एक बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया था। निषाद बस्ती की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। अवर अभियंता लाइन स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे थे, लेकिन कुछ लोगों ने तार जोड़ने का विरोध किया था। आरोप है कि चार-पांच दिनों से बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए पुलिस बल के साथ प्रयास किया जा रहा था, लेकिन संबंधित लोग काम नहीं होने दे रहे थे। अखंडनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को अरविंद उपाध्याय, राजेश, शिवम, जयप्रकाश, अनमोल सहित 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।