मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। कालाबाजारी के आरोप में पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने कोटेदार के खिलाफ केस दर्ज किया है। केस दर्ज होने के बाद कोटा निलंबित करते हुए एक अन्य दुकान से संबद्ध कर दिया गया है।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के दमोदरपुर गांव के कोटेदार श्रीराम पर ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने राशन वितरण में मनमानी करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। ग्रामीणों की शिकायत पर पूर्ति निरीक्षक जयसिंहपुर अरुण कुमार व क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी द्वितीय रजनीश उपाध्याय ने बृहस्पतिवार को सरकारी राशन की दुकान की जांच की थी। जांच में अधिकारियों को 47.75 क्विंटल गेहूं, 40.77 क्विंटल चावल, 54 किलो नमक, 57 किलो चना और 59 लीटर खाद्य तेल कम मिला था।
जांच अधिकारियों ने अनियमितता की रिपोर्ट डीएम को सौंपी थी। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को दमोदरपुर का कोटा सस्पेंड करते हुए पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कराया है। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि दमोदरपुर के बचे हुए राशन को धनउडीह के कोटेदार के सुपुर्द किया गया है। विभाग की ओर से की गई कार्रवाई से कोटेदारों में हड़कंप मचा है।