सुल्तानपुर। जिले के 331 माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए कॅरिअर काउंसिलिंग का सत्र नियमित होगा। इसके लिए कॅरिअर काउंसिलिंग को वार्षिक गतिविधि कैलेंडर में शामिल किया जाएगा। डीआईओएस ने सभी कैलेंडर बनाने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए हैं, जिससे बच्चों को कॅरिअर से संबंधित जानकारियों आसानी से मिल सकें।
जिले में 331 माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें 25 राजकीय, 58 अशासकीय सहायता प्राप्त व 248 वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। इन स्कूलों में करीब डेढ़ लाख बच्चे अध्ययन कर रहे हैं। माध्यमिक विद्यालयों में अभी कॅरिअर काउंसिलिंग का सत्र विशेष रूप से बोर्ड परीक्षा के दौरान आयोजित होता है। अब इसे नियमित करने की कवायद की जा रही है।
समग्र शिक्षा माध्यमिक के जिला समन्वयक अखिलेश पांडेय ने बताया कि कॅरिअर काउंसिलिंग नियमित होने से छात्रों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार सही कॅरिअर चुनने में सहायता मिलेगी। विद्यालय स्तर से कॅरिअर की सही जानकारी मिलने पर विद्यार्थी भ्रम और अनिश्चितता से मुक्त होंगे।
विभाग की ओर से विद्यालय विशेषज्ञों और पेशेवर काउंसलर को बुलाकर या ऑनलाइन संवाद कराया जाएगा। इसको वार्षिक गतिविधि कैलेंडर में शामिल किया जाएगा। नई व्यवस्था से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं, कॅरिअर विकल्पों, तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा,कौशल विकास के बारे में विस्तार से जानकारी दी जानकारी। इससे विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, निर्णय लेने की क्षमता और भविष्य की तैयारी का भी विकास होगा।
सभी स्कूलों को भेजा गया पत्र
माध्यमिक विद्यालयों में कॅरिअर काउंसलिंग का आयोजन कैलेंडर के अनुसार किया जाना है। इसके लिए राजकीय विद्यालय के प्रवक्ताओं को प्रशिक्षित भी किया गया है। जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजा गया है और जल्द ही कैलेंडर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।- सूर्य प्रकाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक