कूरेभार। अयोध्या-सुल्तानपुर हाईवे पर गुप्तारगंज बाजार में रविवार रात करीब 12 बजे जन्माष्टमी का मेला देखने पैदल ही जा रहे श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में छह लोग घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया। वहां से चार लोगों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
गुप्तारगंज बाजार में रविवार रात जन्माष्टमी का मेला लगा था। बड़ी संख्या में लोग मेले में जा रहे थे। उसी दौरान विधायक नगर चौराहे के पास अयोध्या की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी। हादसे में छह लोग घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद चालक कार लेकर मौके से भाग निकला। श्रद्धालुओं में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने घायलों को सीएचसी कूरेभार पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने नेहा वर्मा (32) निवासी सुल्तानपुर, रामआसरे (28) निवासी जयसिंहपुर, शिवानी (18) और जयराम (50) निवासी बीकापुर, फूलपुर का उपचार किया।
हालत गंभीर होने पर चारों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं, प्रेम कुमार और मान्या को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घर भेज दिया। थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। कार को कब्जे में ले लिया गया है।