जामों थाना से महज डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर बद्री विशाल कौशल की कपड़े की दुकान है। इसके बगल में राजेंद्र प्रताप सिंह का मेडिकल स्टोर और सुरेश द्विवेदी की मोबाइल शॉप है। रोज की तरह बुधवार रात तीनों व्यवसायी दुकान बंद कर घर चले गए। देर रात चोर बद्री विशाल कौशल की दुकान का शटर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए।
चोरों ने दुकान में रखे करीब साढ़े तीन लाख रुपये कीमत के कपड़े और 60 हजार रुपये नकद समेट ले गए। राजेंद्र प्रताप सिंह की दुकान से चोर एक लाख रुपये कीमत की दवाएं व 15 हजार रुपये नकद और सुुरेश की मोबाइल शॉप से करीब 70 हजार रुपये कीमत के सेलफोन सेट भी समेट ले गए।
गुरुवार की सुबह चोरी की जानकारी होते ही क्षेत्र के व्यवसायियों में रोष फैल गया। व्यवसायियों का आरोप था कि पुलिस घटना की रिपोर्ट तो दर्ज करती है लेकिन आज तक एक भी चोरी का खुलासा नहीं हुआ। नाराज व्यवसायी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए क्षेत्र के वारिसगंज तिराहे के पास पहुंच गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन से सड़क पर पूरी तरह से आवागमन ठप हो गया। जाम व प्रदर्शन की सूचना पाते ही सीओ गौरीगंज अंशुमान मिश्र और एसओ जामों एसएन शंखवार पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए। सीओ ने नाराज व्यवसायियों को 48 घंटे में चोरी की घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद व्यवसायी शांत हुए। करीब घंटे भर चले प्रदर्शन से पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। घंटे भर लगे जाम से राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।