सुल्तानपुर। अखिल भारतीय व्यापार मंडल ने राज्य कर विभाग को कटघरे में खड़ा किया है। मंगवार को आयुक्त को संबोधित ज्ञापन देते हुए संगठन ने विभिन्न कार्यों में व्यापारियों से अवैध वसूली का आरोप लगाया है। साथ ही कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन में व्यापार मंडल ने सर्वे के नाम पर धनउगाही और जीएसटी के पहले के केसों को निस्तारित करने में रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाया है। कहा कि केसों के निस्तारण में 50 हजार रुपये तक की सौदेबाजी की जा रही है। दुर्घटना बीमा योजना का लाभ व्यापारियों को समय से नहीं दिया जा रहा है। कुछ बीमा को निरस्त किया जा रहा है। व्यापार मंडल ने सचल दल के अधिकारियों पर भी अवैध वसूली का आरोप लगाया है। इसके साथ ही पुराने कार्यालय की जगह नया कार्यालय बनवाने की मांग की है।
ज्ञापन की समस्याएं निस्तारित नहीं होने पर व्यापार मंडल ने राज्य कर के सामने धरना देने का ऐलान किया है। ज्ञापन देने वालों में उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी, अलीमुद्दीन, सत्यनारायन मोदनवाल, गीता पांडेय, तारा अग्रवाल, किरन श्रीवास्तव, राजू अग्रवाल, सुधीर कसौधन मौजूद रहे।