कुड़वार। लोगों को कानपुर तक सीधी यात्रा की सुविधा देने वाली रोडवेज बस एक माह के भीतर ही बंद हो गई। बस का संचालन बंद होने से विद्यार्थियों, व्यापारियों और न्यायालय संबंधी कार्यों के लिए कानपुर जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। एक ही दिन में कानपुर जाकर जरूरी काम निपटाने के बाद लौटने की सुविधा छिनने से लोगों को अब दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने परिवहन निगम के अधिकारियों से बस का संचालन जल्द शुरू कराने की मांग की है।
अक्तूबर में परिवहन निगम की ओर से सुल्तानपुर से कानपुर के बीच सीधी बस सेवा शुरू की गई थी। बस कुड़वार, पारा, हलियापुर और जगदीशपुर होते हुए कानपुर जाती थी। निर्धारित समय के अनुसार बस सुबह 9:30 बजे सुल्तानपुर से रवाना होती थी और रात नौ बजे इसी मार्ग से लौटती थी। इस सेवा से कुड़वार और आसपास के क्षेत्र के लोगों को कानपुर आने-जाने में काफी सहूलियत मिल रही थी। खासकर विद्यार्थियों, व्यापारियों और वादकारियों के लिए यह बस उपयोगी साबित हो रही थी।
बस सेवा शुरू होने के कुछ ही दिनों बाद इसका संचालन बंद कर दिया गया। इससे लोगों को फिर से कानपुर पहुंचने के लिए निजी वाहनों और अन्य परिवहन साधनों पर निर्भर होना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सीधी बस सेवा बंद होने से परेशानी बढ़ गई है। हाईकोर्ट के अधिवक्ता रामधीरज यादव, बीटेक के छात्र सुधाकर अग्रहरि और मयंक विक्रम सिंह, वादकारी नरेंद्र, झब्बर व राजू तथा व्यापारी शिवम, दीपू, राजेश और प्रेमचंद ने बस सेवा दोबारा शुरू कराने की मांग की है।
जल्द शुरू होगा बस का संचालन
भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक रामचंद्र मिश्र ने कहा कि बस का संचालन जल्द शुरू कराया जाएगा। वहीं रोडवेज स्टेशन इंचार्ज नान्हूराम सरोज ने बताया कि चालकों और परिचालकों की कमी के चलते बस का संचालन बंद है। कर्मचारियों की उपलब्धता होने पर जल्द ही सेवा दोबारा शुरू कराई जाएगी।